मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बृहस्पतिवार को सुबह कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान छह कार्यालयों में 31 अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने इन सभी से स्पष्टीकरण मांग लिया है।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित संयुक्त कार्यालय, जिला पूर्ति अधिकारी, निर्वाचन, जिला प्रोबेशन अधिकारी, डीपीआरओ कार्यालय और कोषागार आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान 31 कर्मचारी व अधिकारी अपनी सीट पर नहीं मिले। इससे पहले जिलाधिकारी ने कार्यालय में पहुंचते ही उपस्थिति पंजिका को कब्जे में ले लिया।
लोगों की शिकायत थी कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालयों के कर्मचारी व अधिकारी समय से अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं। इससे उनको समस्या होती है। शिकायतों का भी समय से निपटारा नहीं हो पा रहा था। इस संबंध में जिलाधिकारी के पास भी शिकायत पहुंच रही थी। इस पर उन्होंने बृहस्पतिवार को सुबह ही कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कोषागार के निरीक्षण के दौरान एडीएम नमामि गंगे देवेंद्र प्रताप सिंह को निर्देश दिया कि बायोमेट्रिक उपस्थिति का मिलान कराएं और जो कर्मचारी अनुपस्थित हैं, उनसे स्पष्टीकरण मांगें। जिलाधिकारी ने कर्मचारियों को समय से कार्यालय नहीं आने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।