मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके लिए जिले के सभी 117 परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों बोर्ड मुख्यालय से जोड़ा जाएगा। इसका स्थानीय नियंत्रण कक्ष महुवरिया स्थित राजकीय इंटर काॅलेज में होगा।
बोर्ड परीक्षा की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। प्री बोर्ड की परीक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही प्रायोगिक परीक्षा की भी तैयारियां हो रही हैंं। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में इस बार 117 केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जिले में परीक्षा केंद्र उन्हीं विद्यालयों को बनाया गया है, जहां प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकार्डर लगाए गए हैं। इन सभी केंद्रों की पता जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के माध्यम से बोर्ड तक जाएगा। वहां से प्रयागराज स्थित बोर्ड मुख्यालय तथा लखनऊ में शिविर कार्यालय को लिंक भेजा जायेगा। ताकि वे उसी जगह से परीक्षा केंद्रों का ऑनलाइन निरीक्षण कर सकें। इन्हीं 117 केंद्रों पर जिले के 72730 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इस बार यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 72730 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 40850 तथा इंटरमीडिएट के 32681 विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा की शुचिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस बार कोई परीक्षार्थी अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए न पकड़ा जाए, इसकी पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ सिंह का कहना है कि बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।