मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण कर सूची जारी कर दी गई है। जिले में 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें छात्राओं के कई विद्यालयों के केंद्र काफी दूर बना दिए गए हैं। इससे उनको परेशानी हो सकती है। छात्राओं के लिए तीन से पांच किमी के अंदर परीक्षा केंद्र बनाए जाने थे, लेकिन कोन ब्लॉक के राजकीय बालिका इंटर काॅलेज मुजेहरा व चेतगंज का केंद्र नगर क्षेत्र में स्थित बसंत विद्यालय इंटर काॅलेज बना दिया गया है। जिसकी दूरी 15 किंमी से ज्यादा है।
इसी प्रकार इंटवा स्थित श्यामा देवी हाईस्कूल का परीक्षा केंद्र बीएलजे इंटर काॅलेज में बना दिया गया है। इसकी भी दूरी ज्यादा है। कोटवां स्थित पं. महादेव प्रसाद इंटर कॉलेज का परीक्षा केंद्र भी नगर के बीएलजे इंटर काॅलेज को बनाया गया है। इसकी भी दूरी अधिक है। छात्राओं का परीक्षा केंद्र उनके विद्यालय से तीन से पांच किमी में बनाए जाने की व्यवस्था निर्धारित है। छात्रों के परीक्षा केंद्र अधिकतम 15 किमी दूरी तक बनाए जा सकते हैं। इसके साथ ही कई ऐसे विद्यालय भी परीक्षा केंद्र बना दिए गए हैं जो मानकों को पूरा नहीं करते हैं। इन्हीं सब बिंदुओं को लेकर यूपी बोर्ड ने बृहस्पतिवार तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने की समय सीमा तय की थी। इसको लेकर काई आपत्तियां आई हैं। इन आपत्तियों को अभी एकत्र नहीं किया जा सका है। डीआईओएस राजकुमार दीक्षित ने बताया कि वे कार्यालय के काम से बाहर हैं। आपत्तियों का बोर्ड के निर्देशानुसार निपटारा किया जाएगा।