मिर्जापुर। मझवां विधानसभा उपचुनाव में मतदान के बाद पोलिंंग पार्टियां बुधवार को देर रात तक राजकीय पाॅलिटेक्निक परिसर में बने काउंटरों पहुंचती रहीं। उनसे उन्हीं काउंटरों पर ईवीएम जमा कराए गए। जहां से उन्होंने मंगलवार को बूथों पर रवानगी के दौरान स्टेशनरी व ईवीएम प्राप्त किया था। पोलिंग पार्टियों की वापसी बुधवार को देर रात तक होती रही।
निर्वाचन अधिकारी एसडीएम सदर गुलाब चंद्र के निर्देशन में ईवीएम सभी कागजातों के साथ स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा में रखवाए गए। स्टेशनरी वितरित करने के लिए 22 काउंटर बनवाए गए थे। उन्हीं 22 काउंटरों पर 442 पोलिंग पार्टियों ने आमद दर्ज कराई और ईवीएम जमा किया। कई पार्टियों के कागजात में कुछ कमी रही, जिसे पूरा कराया गया। पूरे पाॅलिटेक्निक परिसर में चहल-पहल रही। एलईडी लाइटों की रोशनी में पोलिंग पार्टियां अपने कागजों का मिलान करते रहे। उधर, मतदान के बाद अब 23 नवंबर को मतगणना होगी। राजकीय पाॅलिटेक्निक परिसर में ही मतगणना होगी। इसके लिए 14 टेबल लगाए जाएंगे। मतगणना के लिए प्रथम चरण का प्रशिक्षण हो चुका है। अब दूसरे चरण के प्रशिक्षण के लिए मतगणना कार्मिकों का 22 नवंबर को बुलाया गया है।