मिर्जापुर। जिला पंचायत सभागार में बुधवार को आयोजित बैठक में मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने कहा कि निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण मतदान एवं मतगणना कराना प्राथमिकता है। इसके लिये इस कार्य में लगे अधिकारी और कर्मचारी इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराएं।
मतदान एवं मतगणना की तैयारियों का जायजा लेते हुए मंडलायुक्त ने बिजली विभाग, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि शत प्रतिशत मतदान केंद्रों पर विद्युत कनेक्शन होने के साथ ही 25 व 26 अप्रैल को निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करा ली जाये। कहा कि चुनाव में विघ्न डालने वालों को चिन्हित का उन्हें पाबंद किया जाये। मंडलायुक्त ने सभी सेक्टर व जोनल, आरओ एवं एआरओ सहित सभी एसडीएम को कहा कि निर्वाचन से संबंधित प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाये। मंडलायुक्त ने कहा कि सभी उप जिला मजिस्ट्रेट, बीडीओ चेक लिस्ट लेकर अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर भ्रमण कर सभी सुविधायें उपलब्ध है या नहीं यह सुनिश्चित कर लें। मंडलायुक्त ने कहा कि मतपत्रों को समय से पहुंचाना, सभी सामान की पैकेजिंग, शराब की दुकानें बंद रहने आदि के भी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक जे रवींद्र गौड़ ने भी शांतिपूर्ण निष्पक्ष मतदान कराने का मूल मंत्र अधिकारियों को दिया। इसके पूर्व जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने मंडलायुक्त को निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन कार्य को शांतिपूर्ण निष्पक्ष संपन्न कराने के लिये पुलिस की 101 मोबाइल टीमें बनायी गयी हैं। जो किसी भी घटना की सूचना पर 15 से 20 मिनट के अंतराल पर मौके पर पहुंचकर निस्तारण कराएंगे। इस टीम के प्रभारी संबंधित नजदीकी थाना के प्रभारी होंगे। निर्वाचन कार्य के लिए परिवहन की व्यवस्था कर ली गई है जिसके लिए रूट चार्ट भी बना लिया गया है।
मतदान के लिए बने हैं 2838 मतदान स्थल
मिर्जापुर। बैठक में डीएम ने बताया कि कुल मतदान स्थलों की संख्या 2838 है। 10 प्रतिशत के आधार पर विकास खंडवार कुल पार्टियों की संख्या 3127 तथा प्रतिशत आरक्षित पार्टी के साथ कुल कार्मिकों की आवश्यकता 12508 है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त कार्मिकों के साथ-साथ 564 पीठीसीन मतदान अधिकारी प्रथम 751 एवं द्वितीय 751 के अतिरिक्त 20 प्रतिशत तथा तृतीय मतदान अधिकारी के 16 प्रतिशत 451 आरक्षित कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त को बताया कि विकास खंडवार मतदान पार्टियों को रवानगी के लिये अलग-अलग मतदान स्थल निर्धारित किये गये हैं। जैसे विकास खंड सिटी में राजकीय पालीटेक्निक कालेज बथुआ कोन (चील्ह) मे एसके महाविद्यालय तिलठी, सीखंड में एसबी सिंह महिला महाविद्यालय हासीपुर चुनार, लालगंज में स्व. भगवान सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय गड़बड़, पतारकला/दुबारकला लालगंग, जमालपुर में लालता प्रसाद सिंह राजकीय महाविद्यालय अदलहाट, मझवा में स्वामी सहजानंद पीजी कालेज बरैनी कछवां, हलिया में पंचसील महाविद्यालय मवई कला हलिया लालगंग, पहाड़ी में श्री शिव लोक श्री नेत्र महाविद्यालय कपसौर पड़री, नरायनपुर जय ज्योति इण्टर कालेज चुनार सीमेन्ट फैक्ट्री चुनार, छानबे में वैद्य श्रीकांत पांडेय कन्या इंटर कालेज गैपुरा कलना, राजगढ़ में कृषक पीजी कालेज ददरा राजगढ़ तथा विकास खंड पटेहरा में विंध्य पालीटेक्निक कालेज मड़िहान से मतदान पार्टियों की रवानगी की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी हरिशंकर यादव व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।