लालगंज। मड़वा नेवादा गांव निवासी रोजगार सेवक बुधवार को दोपहर बाद लालगंज जाते समय फोरलेन सड़क पर किसी वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन घटनास्थल पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रोजगार सेवक को एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल ले जा रहे थे, इस बीच रास्ते में मौत हो गई।
लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत मड़वा नेवादा गांव निवासी 30 वर्षीय राजू मौर्या गांव में रोजगार सेवक थे। ग्राम पंचायत के काम से दोपहर बाद बाइक से लालगंज ब्लाॅक मुख्यालय जा रहे थे। रास्ते में पतुलखी गांव के पास किसी वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। बाइक को टक्कर मरने वाला वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी।जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से राजू को मंडलीय अस्पताल ले जा रहे थे। इस बीच रास्ते में लहंगपुर पहुंचते ही रोजगार सेवक राजू की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव और लहंगपुर चौकी प्रभारी विजय कुमार राय ने परिजनों से काफी मशक्कत के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क हादसे में किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार रोजगार सेवक की मौत हो गई। वाहन चालक की तलाश की जा रही है।