मिर्जापुर। रुपया छह वर्ष में दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाली चिटफंड कंपनी के मुखिया सहित नौ नामजद और एक अज्ञात समेत 10 लोगों के खिलाफ जिगना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया।
जिगना बाजार में पशुधन लाइफ स्टाप एंड मार्केटिंग इंडिया लिमिटेड के नाम पर एक कम्पनी खुली थी। जिसमें जमाकर्ताओ को छह वर्ष में धन दो गुना करने की योजना बताकर एजेंट के माध्यम से करोड़ों रुपये जमा कराया गया। जब पैसा देने की बारी आई तो कंपनी ताला बंद कर फरार हो गई। जमाकर्ता एजेंटों से अपना पैसा मांगना शुरू कर दिया। लोगों द्वारा जिगना पुलिस को मामले से अवगत कराया गया, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। विन्ध्याचल थाना क्षेत्र के चतुरिया गांव निवासी आशेंद्र सिंह ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया तो न्यायालय ने जिगना प्रभारी निरीक्षक को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने का निर्देश दिया। जिगना पुलिस ने नौ नामजद एक अज्ञात के खिलाफ धारा धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी है। आशेंद्र सिंह ने कम्पनी के मुखिया शिवाजी गुप्ता, शंकरजी गुप्ता, ममता कुमारी, नीलम गुप्ता, सविता सिंह सहित 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया। प्रयागराज के मांडा थाने में यही मुकदमा लिखाया गया था। इसमें मांडा पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवाजी गुप्ता को एक माह पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जिगना प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।