मिर्जापुर। प्रदेश सरकार के द्वारा कुंभकारों को स्वरोजगार मुहैया कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला खादी ग्रामोद्योग विभाग के कार्यालय में 48 कुम्हारों को इलेक्ट्रानिक चाक का वितरण किया गया।
उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी जवाहर लाल तथा जिला सूचना अधिकारी ओमप्रकाश उपाध्याय की उपस्थिति में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुये प्रायोजित कार्यक्रम के तहत कुम्हारों को इलेक्ट्रानिक चाक का वितरण किया गया।
ग्रामोद्योग अधिकारी जवाहर लाल ने बताया कि सरकार माटी कला बोर्ड के जरिये मिट्टी के बरतनों को विलुप्त होने से बचाने और कुम्हारों को रोजगार देने का प्रयास कर रही है। इसके लिये कुम्हारों को प्रशिक्षित कर सस्ते ऋण के साथ ही इलेक्ट्रानिक चाक मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुम्हारों को 15 हजार नौ सौ 90 रुपये की लागत का इलेक्ट्रानिक चाक का वितरण किया गया है जिससे कम मेहनत से ज्यादा सामान का निर्माण और मुनाफा मिल सके।