स्थानीय ग्राम पंचायत जलालपुर मजरा के विशुनपुरा में बकायेदारों के चक्कर में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
बता दें विशुनपुरा गांव की बिजली आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों ने काट दिया है। इससे घरेलू कनेक्शन धारी उपभोक्ता भी परेशान हैं। जो लोग बराबर बिजली का बिल जमा करते हैं उनके बारे में विभाग ने नहीं सोचा। बिजली के अभाव में लोग पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। भीषण गर्मी में पशुओं के लिए पानी का संकट झेलना पड़ रहा है। पाचू, सेवक, राजकपूर, दशरथ, गुलाब, रमेश, प्रेम नाथ, रामभरोस व लल्लन आदि उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए तत्काल कनेक्शन चालू कराए जाने की मांग की है।