मिर्जापुर। केबीपीजी कालेज शिक्षक संघ चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार को कालेज परिसर में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। शिक्षक चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से संबद्ध महाविद्यालय शिक्षक संघ का चुनाव सात फरवरी को कराया जाएगा। प्राचार्य ने चुनाव कार्य में लगे कार्मिकों को लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी चुनाव कराने को कहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य/निर्वाचन अधिकारी डा. भवभूति मिश्र ने कहा कि निर्वाचन की निष्पक्षता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव को संपन्न कराना प्राथमिकता है। कहा कि शिक्षक एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। कोविड-19 के प्रोटोकाल का शत प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। पहचान पत्र के साथ मतदाताओं को मास्क लगाकर ही मतदान कक्ष में जाने की अनुमति होगी। मतदान दोपहर एक बजे से तीन बजे तक कराया जाएगा। मतगणना तीन बजकर 15 मिनट से शुरू होगी। प्ररिणाम घोषित होने बाद शपथ ग्रहण कराया जाएगा।