मिर्जापुर। पथरहिया स्थित विकास भवन के सभागार में शनिवार को जल जीवन मिशन के तहत हर घर को नल पानी योजना की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह ने सभी नौ एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्य की प्रगति की रिपोर्ट हर सप्ताह उपलब्ध कराएं। इसको इस योजना के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। कहा कि हर विभाग अपना एक-एक लाइजनिंग अधिकारी बनाए, ताकि वह हर कार्य पर निगाह रखे। साथ ही यदि कोई समस्या होती है तो वह संबंधित अधिकारी से मिलकर उसका त्वरित निराकरण कराए। मसलन यदि भूमि संबंधी समस्या है तो एडीएम से मिले। कानून व्यवस्था संबंधी समस्या है तो वे पुलिस अधिकारी से मिले। सीडीओ ने कहा कि प्रगति हर हाल में चाहिए। विंध्य क्षेत्र में इस परियोजना के तहत 22 सौ 87 करोड़ रुपये की लागत से नौ ग्राम समूहों के 1606 गांवों में हर घर को नल से पानी देने की योजना है। इस योजना का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली शिलान्यास किया था। जिले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसका उसी समय शिलान्यास भी कर दिया। यह योजना सोनभद्र और मिर्जापुर दोनों जिलों के लिए एक साथ शुरू की गई थी। दोनो जिलों की योजना की लागत पांच हजार पांच सौ 55 करोड़ रुपये थी। बैठक में डीएफओ, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता व अन्य थे।