मिर्जापुर। जिले से गुरुवार को दो मेडिकल संचालक समेत 12 लोगों का जांच सैंपल लेकर बीएचयू वाराणसी लैब भेजा गया। गुरुवार को रमईपट्टी स्थित गुप्ता मेडिकल स्टोर संचालक समेत आठ की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें कछवां के दो मेडिकल संचालक शामिल है। जिले से अब तक 423 लोगों का सैंपल भेजा जा चुका है। इसमें 395 लोगों की जांच रिपोर्ट आ चुुकी है।
आईसोलेशन से तीन संक्रमितो के छुट्टी होने के बाद सिर्फ एक जमाती का इलाज चल रहा है और क्वारंटीन में आठ जमाती है। सभी का जांच सैंपल भेजा गया है। इसमें क्वारंटीन वालों का सैंपल निगेटिव आने पर उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। वाराणसी के सप्तसागर मंडी के दवा व्यवसायी के कोरोना संक्रमित पाए जाने पर जिले के मेडिकल संचालकों की डिटेल निकाली गई। जो वहां से दवा लिए थे। इसमें नगर के रमईपट्टी के गुप्ता मेडिकल और कछवां के दो लोगों का सैंपल भेजा गया। रमईपट्टी नगर का इलाका होने के कारण वहां से दवा लेने वाले और आस-पास के लोगों को रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार था। गुरुवार की शाम को गुप्ता मेडिकल संचालक, कछवां के दो मेडिकल संचालक समेत आठ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें अन्य फीवर डेस्क में आकर उपचार कराने वाले गैर प्रांत से लौटे लोग है। गुरुवार को अदलहाट के दो मेडिकल संचालक समेत 12 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया।
28 कार्य के बाद एक टीम को दिया गया आराम
विंध्याचल। सीएचसी में बने आईसोलेशन और क्वारंटीन वार्ड में 25 स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। जिनके 14 दिन की ड्यूटी पूरा होने पर उन्हें पैसिक क्वारंटीन किया गया था। उनका जांच सैंपल भी भेजा गया था। उनके बाद 25 सदस्ययी दूसरी टीम एक्टीव क्वारंटीन रहते हुए कार्य कर रही थी। गुरुवार को दूसरी टीम पैसिव क्वारंटीन में चली गई। शुक्रवार से भदोही की 25 सदस्ययी टीम उनका स्थान लेगी। इसमें छह डाक्टर, छह स्टाफ नर्स, दो एलटी, दो वार्ड ब्वाय, दो फार्मासिस्ट, छह सफाई कर्मी है। पहली टीम का 28 दिन पूरा होने पर उन्हें आराम दिया गया है।
साइकिल से आठ सौ किमी की यात्रा कर पहुंचे घर
जमालपुर। दिल्ली से दो साईकल पर तीन लोग आठ सौ किलोमीटर की दूरी तय कर जमालपुर थाना क्षेत्र स्थित अपने घर पहुंचे। घर पहुंचे लोगों ने बताया कि लाक डाउन के एक माह बाद एल्यूमीनियम कम्पनी में कार्यरत लोगों को जीवकोपार्जन की समस्या सताने लगी। 24 अप्रैल 11 लोग 44 हजार रुपए की साइकिल खरीद कर एक साथ रवाना हुए। रास्ते में ढाबा में भोजन करते थे। बनारस पहुंचने के बाद अपने गांव के लिए अलग-अलग निकले। इसमें दो साइकिल पर सवार तीन लोग गुरुवार को जिवनाथपुर कंचन स्टेट हाइवे से जमालपुर पहुंचे। वहां से अपने घर सहजनी कला खुर्द गए। क्षेत्र के सहजनी कला खुर्द निवासी दिनेश मौर्य, सोनू मौर्य, विजयमल मौर्य दिल्ली से सात दिन साइकिल चलाकर पहुंचे।
मुंबई से आए दो की हुई जांच
हलिया। थाना क्षेत्र के पिड़रिया गांव निवासी बच्चा लाल व विनोद कुमार मुंबई में रहकर प्राइवेट कंपनी नौकरी कर रहे थे। लाक डाउन के दौरान कंपनी बंद होने पर घर के लिए पैदल ही चल पड़े। 24 अप्रैल को अपने घर पिड़रिया गांव पहुंचे। बाहर से दोनों युवकों के आने की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने गुरुवार को दोनों युवकों की जांच करवाने के लिए कहा। सूचना पर गांव पहुंची हलिया पुलिस ने दोनों युवकों की प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया में करवाया। जहां दोनों युवक स्वस्थ्य मिले। डाक्टर ने उनको 14 दिन होम क्वारंटीन में रहने का निर्देश दिया।
साइकिल से पत्नी और तीन बच्चों को लेकर निकले
जिगना। लाकडाउन के चलते जो जहां फंसा है, वहां से जो जुगाड़ हो जा रहा है। उसकी का सहरा लेकर अपने घर के लिए निकल रहा है। कौशांबी के मंझनपुर निवासी रामलाल अपनी पत्नी और तीन बच्चों को साइकिल पर बैठा कर पटना से चले। गुरुवार को वह जिगना पहुंचे। रात तक वह अपने घर पहुंच जाएंगे। उनमें घर पहुंचने की खुशी दिखी।
100 का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
लालगंज। लालगंज के बापू उपरौध इंटरमीडिएट कॉलेज में बने शेल्टर होम में गुरुवार को बाहर से आए 100 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इसमें सभी दिल्ली, गुजराम व मुंबई से लौटे है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डा. अशोक यादव के टीम के साथ ओंकार दुबे, शिव आधार व दिनेश यादव ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सवस्थ्य मिलने पर सभी को भोजन कराकर घर जाकर होम क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया।
पुलिसकर्मियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
अदलहाट। मुख्य चिकित्साअधिकारी के निर्देश पर चुनार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डा. संतोष कुमार वर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने अदलहाट थाने में कार्यरत पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की। सभी का थर्मल स्कैनिंग से जांच किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव , वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शिव प्रकाश राय, अनिल कुमार, अर्जुन सिंह, भरत प्रजापति आदि की जांच की गई।
जारी किया गया मोबाइल नंबर बंद
सीखड़। क्षेत्र के काफी संख्या में लोग जो गैर प्रांत में फंसे है। वे अपने गृह जनपद में आने के लिए परेशान है। शासन ने एक लिस्ट जारी की है, पर वो नंबर नहीं लग रहा है। विकास खंड सीखड़ के मंगरहा गांव निवासी नागेंद्र मिश्रा भिलाई में है। उन्होंने बताया कि जो नंबर मिर्जापुर की लिस्ट में दर्ज है। वो नंबर बंद बता रहा है। खैरा गांव के महाराष्ट्र में रहने वाले मुकेश केसरी का कहना है। उस नंबर पर कोई बात नहीं हो पा रही है जबकि सरकार का निर्देश है जो मजदूर बाहर में फंसा हुआ है। वो घर आने के लिए दिए गए नंबर पर संपर्क करे।
.........
ये है कोरोना मीटर रिपोर्ट
आईसोलेशन किए गए- एक पाजिटिव (जमाती)
क्वारंटीन किए गए-
23 - जमाती- मस्जिद से लोहंदी के शेल्टर होम में स्थानांतरित
08 - जमाती (रिपोर्ट निगेटिव आई)
03- (गैर प्रांत से आए लोग)
234- मड़िहान, जिगना, हलिया लालगंज के शेल्टर होम में (मजदूर)