क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में आई बरात में सोमवार की रात आर्केस्ट्रा के दौरान स्टेज पर गांव के कुछ लोगों के चढ़ने को लेकर विवाद हुआ। बीच बचाव कर रहे लड़की पक्ष और गांव के लोगों में जमकर मारपीट हो गई जिसमें आठ लोग घायल हो गए। पुलिस घायलों को लेकर पीएचसी पहुंची जहां से एक युवक को मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। लड़की पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
हलिया थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव निवासी रामरती के बेटी दीपा की शादी के लिए हथेड़ा गांव से बरात आई थी। बरात में आर्केस्ट्रा चल रहा था कि इसी बीच मड़वा धनावल गांव के ही रामलाल, बृजलाल, उदयभान, सोनू आर्केस्ट्रा के स्टेज पर चढ़ गए। बरातियों ने इसका विरोध किया तो विवाद हो गया। बीच बचाव के लिए पंहुचे लड़की पक्ष के दिव्यांग लवलेश को भी लोग मारने लगे। मौके पर पंहुचे सुरेश (27), रामपति (45), सर्वेश (24), प्रेमचंद (38), राजेंद्र(42), रामधारी (70) को भी मारपीट कर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष के रामलाल (55) को भी चोटें आईं हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पंहुची पीआरवी की टीम ने घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर आई। जहां पर सुरेश की हालत गंभीर देखकर मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा.अभिषेक जायसवाल ने बताया कि सुरेश की हालत गंभीर होने पर मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस प्रेमचंद की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।