लालगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन के दौरान एक प्रत्याशी द्वारा लाव लश्कर के साथ नामांकन के लिए पहुंचने पर प्रशासन की तरफ से कार्रवाई की गई। प्रशासन ने आठ बड़ी गाड़ियों को सीज करने के अलावा 12 का चालान काट कर दिया।
आचार संहिता के उल्लंघन में प्रत्याशी के खिलाफ पर्चा खारिज करने सहित कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। बृहस्पतिवार को राजापुर गांव की एक प्रत्याशी लाव लश्कर के साथ नामांकन करने पहुंच गईं। इसकी जानकारी उप जिलाधिकारी अमित कुमार शुक्ला, पुलिस क्षेत्राधिकारी उमाशंकर सिंह और कोतवाल सुभाष राय को मिली। इसके बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंच करके लाव लश्कर को रोक कर गाड़ियों की धरपकड़ शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान आठ गाड़ियों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। साथ ही छह गाड़ियों व नामांकन में शामिल छह बाइकों का चालान काट कर के चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की कार्रवाई की गई। उप जिलाधिकारी अमित कुमार शुक्ला ने बताया कि आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में संबंधित प्रत्याशी का पर्चा खारिज करने की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।