हलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव में कूड़ा उठाने वाला ई-रिक्शा सोमवार की सुबह नौ बजे भगतवा मजरे में जल जीवन मिशन की टंकी के पास पलट गया। जिससे ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव निवासी सुरेंद्र (40) गांव का कूड़ा कलेक्शन करने निकला था। वह भगतवा मजरे में पहुंचा तो जल जीवन मिशन की पानी की टंकी के पास पाइप लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में अनियंत्रित हो कर पलट गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चालक के बाएं पैर व शरीर में गंभीर चोट को देखते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अवधेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया।