शिक्षा विभाग के मिनी डायट अमोई पर मंगलवार को काउंसिलिंग के लिए आए अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कहा कि काउंसलिंग के दौरान मौजूद अधिकारी काउसलिंग में गड़बड़ी कर रहे थे। नाराज अभ्यर्थियों ने बीएसए को ज्ञापन देकर मामले की शिकायत की।
बता दें कि जिले में 200 शिक्षकों की काउसलिंग होनी है। जिसमें 100 सामान्य के लिए तथा 100 आरक्षित सीट के लिए निर्धारित है। मंगलवार को पहली काउसलिंग विकास खंड सिटी के अमोई गांव स्थित मिनी डायट पर शुरू की गई।
जिसके लिए जमालपुर से संजय यादव, राजगढ़ मनोज यादव, राजेश वैश्य पहाड़ी तथा छानबे से शशिकांत समेत चार खंड शिक्षा अधिकारियों को लगाया गया है। मंगलवार को काफी संख्या में अभ्यर्थी काउसलिंग कराने आए थे। दोपहर तक सामान्य में 11 तथा अन्य में 44 लोगों की काउंसलिंग हुई है।
इसके बाद सभी वापस आ गए, लेकिन कुछ देर बाद पता चला कि 55 की बजाय 58 अभ्यर्थी काउसलिंग के लिए आए थे। यह सुनते ही अभ्यर्थी भड़क गए और काउसलिंग में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा मचाने लगे।
कहा कि जिस समय काउंसलिंग बंद की गई उस समय केवल 55 अभ्यर्थी थे लेकिन बाद में कुछ लोग बाहर से आए जिनसे रास्ते में मिल कर उनकी काउसंलिंग कर ली गई। अभ्यर्थियों ने इसकी जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की।