नगर के मुख्य मार्ग पर सुगम यातायात संभव नहीं हो पा रहा है। पिछले एक वर्ष से इस मार्ग पर पाइप लाइन डालने और सड़क निर्माण कार्य के चलते आवागमन बाधित हो रहा है। मार्ग पर सड़क निर्माण चल रहा था, इसी बीचफिर से पाइन लाइन डालने के लिए सड़क की खोदाई शुरू कर दी गई है। इसके चलते मंगलवार को सुबह से लेकर शाम तक जाम लगा रहा।
शास्त्री पुल से नगर में आने वाले मार्ग पर अमृत योजना के तहत एक वर्ष पूर्व खोदाई की गई थी। एक वर्ष से मार्ग पर वाहनों का आवागमन नहीं हो पा रहा था। लोग गलियों आदि से होकर आवागमन कर रहे थे। कई वाहन इस मार्ग से होकर जाते समय फंस गए। सड़क निर्माण को लेकर कई बार आवाज उठाई गई। बीते साल दिसंबर माह में नाली का कार्य पूरा होने के बाद सड़क निर्माण शुरू किया गया। जनवरी के प्रथम सप्ताह तक सड़क निर्माण का काम पूरा होना था, परंतु तय समय पर निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जा सका। क्षेत्र के लोग सड़क निर्माण कराने की मांग कर रहे थे, इस बीच मंगलवार को जाह्नवी होटल के पास पाइप लाइन बिछाने के लिए फिर से खोदाई शुरू कर दी गई है। खुदाई किए जाने से मार्ग पर सुबह से ही आवागमन बाधित रहा। इसके चलते मार्ग पर पूरे दिन यातायात जाम की स्थिति बनी रही।