ड्रमंडगंज। पेयजल संकट से जूझ रहे लहुरियादह गांव में टैंकर से जलापूर्ति शुरू की गई है। एक पखवाड़ा से लहुरियादह गांव में जलापूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
शुक्रवार को पेयजल समस्या के समाधान के लिए सीडीओ विशाल कुमार तथा एडीएम नमामि गंगे देवेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ लहुरियादह गांव पहुंचकर ब्लाॅक के अधिकारियों को टैंकर से जलापूर्ति का निर्देश दिया था। सीडीओ के निर्देश के बाद शनिवार को कार्यदायी संस्था तथा ग्राम पंचायत की तरफ से आठ टैंकर पानी की आपूर्ति की गई। अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा लहुरियादह के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। जलापूर्ति ठप होने के बाद ग्रामीणों को पानी के लिए काफी संघर्ष करना पड़ रहा था। फिलहाल टैंकर से जलापूर्ति शुरू हो जाने से ग्रामीणों को भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव और झरने का चक्कर लगाने से मुक्ति मिल गई है। बीडीओ डॉ. राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि लहुरियादह गांव में पेयजल संकट को देखते हुए ग्रामीणों को टैंकर से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। पशुओं के लिए एक टैंकर अलग से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।