मिर्जापुर। पिछले वित्तीय वर्ष में मिर्जापुर-सोनभद्र मंडल में लगभग 92 हजार खाते खोले गए हैं। मंडल में 4.84 लाख खाते हैं। इनमें बचत, सावधि जमा के साथ ही सुकन्या खाते शामिल हैं।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि महिला सम्मान बचत पत्र और सुकन्या समृद्धि योजना में मंडल में 1302 महिलाओं ने 10.16 करोड़ रुपये निवेश किया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को मूर्त रूप देते हुए मंडल में 53 हजार से ज्यादा बेटियों के सुकन्या खाते खुले हैं। दो साल की अवधि की महिला सम्मान बचत पत्र योजना लचीले निवेश और आंशिक निकासी के विकल्पों के साथ दो लाख रुपये की अधिकतम सीमा के साथ त्रैमासिक चक्रवृद्धि ब्याज 7.5 प्रतिशत का आकर्षक और निश्चित ब्याज प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि यह योजना 31 मार्च 2025 तक दो साल की अवधि के लिए वैध है। इसमें न्यूनतम एक हजार रुपये तथा अधिकतम दो लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 250 रुपये से 10 वर्ष तक की बेटियों का खाता डाकघर में खुलवाया जा सकता है। इसमें 8.2 प्रतिशत ब्याज है, जो कि किसी भी लघु बचत योजना से अधिक है।