भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय बरौधा कचार पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की पुण्यतिथि पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र राय ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक महान शिक्षाविद, वकील, लेखक, प्रभावशाली वक्ता एवं प्रखर राष्ट्रवादी थे। उनका जन्म छह जुलाई 1901 को कोलकाता में हुआ। 23 जून 1953 को उन्होंने देश की एकता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। डा. मुखर्जी भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे। उन्होंने कश्मीर में एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे का नारा देते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए प्राण अर्पित किया।
वे संविधान सभा के सदस्य के रूप में भी सक्रिय रहे और अल्पसंख्यकों, क्षेत्रीय भाषाओं एवं राष्ट्रीय एकता के मुद्दों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण सिंह ने भी डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर संक्षिप्त विचार प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह व संचालन जिला मंत्री कौशल श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन जगदीश पटेल, पूर्व नपा अध्यक्ष मनोज जायसवाल, विपुल सिंह, निर्मला राय, संजय भाई पटेल, गौरव उमर आदि रहे।