भाजपा सरकार किसान और व्यापारियों की नहीं बल्कि सिर्फ कॉरपोरेट की पक्षधर है। किसान और व्यापारी विरोधी इस सरकार की कलई खुल चुकी है। भाजपा सरकार में किसान और व्यापारी सुखी नहीं हैं। ये बातें समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक संजय गर्ग ने शनिवार को लोहंदी स्थित एक लान में मंडलीय व्यापार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बिजली के बिल और जीएसटी जैसे गंभीर मुद्दों को विधानसभा में व्यापारियों के लिए उठाया गया। बढ़ रही गरीबी व बेरोजगारी के बारे में भी चर्चा की गई। कहा कि किसान खुशहाल होगा तो व्यापारी खुशहाल होगा। हालांकि सरकार ने इनकी खुशहाली के लिए कोई कदम नहीं उठाया। कहा कि व्यापारी अपनी खुशहाली की राह सपा सरकार में देख रहे हैं।