मिर्जापुर। सीएम योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य कॉरिडोर का शिलान्यास होने के बाद अब निर्माण की तैयारी हो रही है। शासन की ओर से विंध्य कॉरिडोर निर्माण के लिए प्रोजेक्ट मैनेजर को भी नामित करने की बात कही जा रही है। संभावना जतायी जा रही है कि जल्द ही कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू होगा।
विध्य कारिडोर के अंतर्गत विंध्यवासिनी मंदिर के चारों तरफ 50 फीट चौड़ा परिक्रमा पथ बनेगा। साथ ही थाना कोतवाली गली, पुरानी वीआईपी, नई वीआइपी गली व पक्काघाट मार्ग भी चौड़ा होगा। इसके लिए 287 संपत्तियों की खरीदारी कर ध्वस्तीकरण भी कर लिया गया है। एक अगस्त को गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विंध्य कॉरिडोर का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कराने का रास्ता साफ कर दिया है। बताया जा रहा है कि विंध्य कॉरिडोर का निर्माण कार्य राजकीय निर्माण निगम कराएगा। प्रोजेक्ट मैनेजर की देखरेख में निर्माण कार्य होगा। प्रथम चरण में परिक्रमा पथ के साथ थाना कोतवाली गली, पुरानी वीआईपी, नई वीआइपी गली, पक्काघाट मार्ग का निर्माण होगा। एडीएम यूपी सिंह ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई आदेश नहीं आया है।