ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय प्रभु उपहार भवन रक्तदान कैंप को लकर बैठक करते लोग। स्रोत-
मिर्जापुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय प्रभु उपहार भवन में रविवार को हुई बैठक में ब्रह्माकुमारीज़ की प्रथम मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी के पुण्य स्मृति में मनाए जाने वाले विश्व शांति दिवस मनाए जाने के लिए चर्चा हुई।
बैठक में 22 से 25 अगस्त तक चार दिवसीय रक्तदान शिविर और 20 अगस्त को जन-जागरूकता रैली निकाली जाएगी। तैयारियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। यह जानकारी ब्रह्माकुमारी मिर्जापुर सेवा केंद्र प्रभारी बीके बिंदु दीदी ने दी। बताया कि ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से आध्यात्मिक सेवा के साथ मानव सेवा का संदेश देते हुए देश व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। मिर्जापुर में भी 22 से 25 अगस्त तक अलग अलग स्थानों पर चार दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
रक्तदान के प्रति जन-जन में जागरूकता लाने और अधिक से अधिक लोगों को इस महाअभियान से जोड़ने के उद्देश्य से 20 अगस्त को मिर्जापुर नगर में एक विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली जाएगी।
पिछले साल इसी कार्यक्रम में मिर्जापुर में सबसे अधिक रिकॉर्ड 156 यूनिट रक्तदान किया गया था। चार दिवसीय रक्तदान शिविर में रॉबिन हुड आर्मी, विंध्य फाउंडेशन ट्रस्ट सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, विद्यालय, महाविद्यालय, पुलिस, पीएसी के जवान एवं बड़ी संख्या में समाजसेवी नागरिक सहभागिता करेंगे। संवाद