शास्त्री सेतु से गंगा में मंगलवार की रात गिरे ट्रक के दौरान लापता हुए खलासी और एक मजदूर का पता 48 घंटा बीत जाने के बाद भी नहीं लगा। घटना के तीसरे दिन परिवार के लोग नाव लेकर मिर्जापुर से भटौली तक लापता युवकों की खोजबीन करते रहे फिर भी वह नहीं मिले। परिजनों ने लापता लोगों को खोजने में पुलिस द्वारा कोई सहयोग नहीं करने पर नाराजगी जताई।
पुलिस अधीक्षक से मांग की कि संबंधित थाने की पुलिस को उनके साथ लगाया जाए ताकि वह अपने परिवार की खोजबीन कर सकें। कछवां के पीसीएफ गोदाम से खाद उतार कर 22 नवंबर को एक ट्रक मिर्जापुर लौट रहा था। रात करीब सवा दस बजे स्टेयरिंग फेल हेाने से शास्त्री सेतु से अनियंत्रित होकर गंगा में गिर गया था। जिसमें चालक पप्पू, खलासी पंकज, मजदूर सुनील, गौरी व राजपति लापता हो गए थे।
16 घंटे बाद बुधवार को पुलिस ने चालक पप्पू, मजदूर गौरी व राजपति की लाश एनडीआरएफ एवं इलाहाबाद की फ्लड कंपनी तथा जनपदीय पुलिस ने खोज निकला। क्रेन से ट्रक को ऊपर उठाने के बाद केबिन में फंसे तीनों शवों को बाहर निकाल लिया जबकि खलासी पंकज व मजदूर सुनील नहीं मिले। जिसकी खोजबीन देर रात तक की गई फिर भी उनका पता नहीं चला। घटना के तीसरे दिन पुलिस लापता शवों को खोजने नहीं पहुंची तो परिजन खुद नाव लेकर खोजबीन के लिए निकल पड़े।