चुनार स्थित दुर्ग का मंगलवार को डीजी ट्रेनिंग राजेंद्र पाल सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजा भतृहरि नाथ की समाधि, रानी सोनवा का मंडप, विशाल बाउली, वारेन हेस्टिंग्स के बंग्ला का जायजा लिया। उन्होंने दुर्ग में उपलब्ध सुविधाओं की विभागीय अधिकारियों से जानकारी भी ली। पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि दुर्ग में रिक्रूटों के प्रशिक्षण का कार्य फिर से शुरू कराये जाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए शासन व एएसआई से वार्ता कर सहमति मिलने के बाद पुन: प्रशिक्षण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में चुनार क्षेत्र में ही स्थित समसपुर स्थित सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में 176 प्रशिक्षुओं को प्रमोशन ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अगले रिक्रूटों का प्रशिक्षण दुर्ग में कराये जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र संचालित करने व दुर्ग की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए ज्यादा बजट की आवश्यकता है। कोशिश होगी कि इसी वित्तीय वर्ष में अधिक से अधिक बजट शासन स्तर से प्राप्त कर लिया जाय। दुर्ग में प्रशिक्षण शुरू कराये जाने के साथ ही समसपुर स्थित सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण केंद्र को भी और विकसित कराने का प्रयास जारी है। इस दौरान डीआईजी ट्रेनिंग धर्मेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक रामानंद राय, कोतवाल गोपालजी गुप्ता आदि मौजूद रहे।