मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए कतारबद्ध श्रद्धालु।- संवाद।
विंध्यधाम क्षेत्र में अवैध वाहन स्टैंडों पर मनमानी वसूली का आरोप, श्रद्धालुओं ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
विंध्याचल। आषाढ़ मास के गुप्त नवरात्र की पंचमी तिथि पर रविवार को मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर और दर्शन मार्गों पर सुबह से देर शाम तक कतारें लगी रहीं। आम श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि वीआईपी मार्ग से दर्शन के लिए भी काफी भीड़ रही।
श्रद्धालुओं का कहना था कि नवरात्र मेले के दौरान वीआईपी प्रोटोकॉल निरस्त किए जाने की चर्चा के बावजूद रविवार को वीआईपी मार्ग से दर्शन कराए जाते रहे। छुट्टी का दिन होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। मां विंध्यवासिनी से सुख-समृद्धि की कामना की।उधर, विंध्यधाम क्षेत्र में अवैध वाहन स्टैंडों पर मनमानी वसूली के आरोप भी लगे। श्रद्धालुओं ने बताया कि बरतर तिराहा, बनारस बस स्टैंड, गोपीगंज वाहन स्टैंड, पुराना वीआईपी मार्ग, बावली तिराहा, बंगाली चौराहा और अमरावती चौराहा समेत कई स्थानों पर मानकों के विपरीत वाहन स्टैंड संचालित किए जा रहे हैं। नगर पालिका की ओर से निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली किए जाने तथा कई बार वाहनों से सामान चोरी होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। श्रद्धालुओं ने वाहन स्टैंडों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और मनमानी वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।