चुनार। नरायनपुर ब्लाॅक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक हुई। बैठक के दौरान मनरेगा के श्रमिक बजट सहित अन्य विकास कार्यों के लिए कुल नौ करोड़ 65 लाख 21 हजार रुपये के प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में सफाई कर्मियों द्वारा ड्यूटी वाले गांवों में नियमित रूप से नहीं आने, साफ-सफाई व मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव नहीं होने का मुद्दे छाए रहे। सदस्यों का कहना था कि बैठक में शामिल होने के लिए सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सूचना नहीं मिलती है। इसके चलते सदस्य अपने क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों के बारे में बैठक में उपस्थित होकर अपनी बात नहीं रख पाते हैं।क्षेत्र पंचायत सदस्य ओम प्रकाश भारती ने सभी गरीबों को आवासीय पट्टा व आवास दिए जाने, रामपाल यादव ने सभी 106 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को बैठक की सूचना उपलब्ध कराने की मांग की। सदस्यों ने क्षेत्र पंचायत के सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड व किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने की भी मांग की। ब्लाॅक प्रमुख चन्द्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में खंड विकास अधिकारी नरायनपुर ओम प्रकाश यादव, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश पटेल, एडीओ पंचायत हरिशंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।