मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के किरतारतारा गांव में युवक की पीट-पीट कर हत्या मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है। लेकिन अन्य गिरफ्तारी के लिए युवक के परिजन और ग्रामीणों ने शनिवार की रात को पुलिस अधीक्षक आवास पर प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक ने आरोपितों को गिरफ्तार किए जाने का आश्वासन दिया।
क्षेत्र निवासी कृपाशंकर (24) पुत्र मंगला प्रसाद नगर के अस्पताल मार्ग पर स्थित एक मेडिकल स्टोर में काम भी करता था। वह प्रतिदिन सुबह पैदल टहलने जाता था। बृहस्पतिवार की सुबह भी वह टहलने निकला था। इस दौरान किरतारतारा गांव में एक परिवार के लोगों ने लाठी-डंडे से पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दिया परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने एक आरोपित लाल बहादुर को गिरफ्तार किया। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोशित परिजनों ने शनिवार की सुबह ग्रामीणों के साथ एसपी आवास पर धरना-प्रदर्शन किया। परिजनों का कहना था कि पुलिस अन्य आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। काफी संख्या में एसपी आवास पर ग्रामीणों के इकट्ठा होने की सूचना पर शहर कोतवाल अरुण कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसपी ने मृतक के परिजनों से बात कर जल्द आरोपितो के गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया।