राजगढ़। मड़िहान थाना क्षेत्र के बगाही गांव के पास मंगलवार की सुबह एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने शव पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की। शिनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुबह मार्ग से गुजर रहे ग्रामीणों ने 25 वर्षीय युवती का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर मड़िहान थानाध्यक्ष राजीव सिंह व धौरहां चौकी प्रभारी उदय नारायण कुशवाहा ने मौके पर जाकर पड़ताल की। पुलिस ने आस-पास के गांव के प्रधान को बुुलाकर उसकी पहचान कराने की कोशिश की, पर शिनाख्त नहीं हो पाई। ग्रामीणों में चर्चा है कि किसी ने युवती की हत्या कर शव को फेंक दिया है। थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि युवती की शिनाख्त कराई जा रही है। तीन दिन में शिनाख्त न होने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम से युवती के मौत के कारण का पता चलेगा।