भाई के ससुराल जाने के लिए निकले दो दिन से लापता युवक कमलाशंकर का शव रविवार को दोपहर में प्रयागराज के कोरांव थानांतर्गत पचेड़ा हेड के आगे बेलन नहर में मिला। नहर में शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
कमलाशंकर की बाइक शनिवार को सुबह बेलन बरौधा चौकी क्षेत्र के पास बेलन नहर में पाई गई थी। नहर में मिली बाइक के नंबर से बरौधा पुलिस द्वारा हलिया थाना क्षेत्र के बरबसा की रंजना पुत्री मंगला की बाइक स्वामी के रूप में शिनाख्त की गई थी। मंगला ने अपनी बेटी रंजना की शादी में हलिया थाना क्षेत्र के मधोर निवासी कमलाशंकर पुत्र बैजू को बाइक दी थी। उसी बाइक से कमलाशंकर शुक्रवार की शाम अपने भाई के ससुराल जाने के लिए निकले थे। शनिवार की सुबह उनकी बाइक बरौधा के पास बेलन नहर में गिरी मिली थी। शनिवार को सुबह से ही बरौधा पुलिस द्वारा बेलन नहर का पानी बंद कराकर लापता कमलाशंकर की परिजनों के साथ तलाश करा रही थी। चौकी प्रभारी बेलन बरौधा अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चार गोताखोरों की मदद से रविवार को सुबह से ही बरौधा से कोरांव की ओर जा रही बेलन नहर में कमलाशंकर की तलाश शुरू की गयी थी। उसी दौरान बरौधा से करीब 14 किलोमीटर आगे कोरांव थानांतर्गत पचेड़ा हेड के पास नहर की तलहटी में गोताखोरों को कमलाशंकर का शव मिल गया। उसके बाद सूचना पर पहुंची कोरांव पुलिस ने पंचनामा भरकर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आशंका जताई कि बाइक समेत बरौधा नहर में गिरने के बाद घायल कमलाशंकर गहरे पानी के तेज बहाव में बहकर काफी दूर चला गया होगा।।