राजगढ़। शादी के लिए लड़की पक्ष के लोग बुधवार को युवक के घर आने वाले थे, उससे पहले मंगलवार को शाम को भीटी रेलवे क्रासिंग के पास संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। उसका शव रेललाइन पर मिला।
दुबेपुर गांव निवासी विशाल (20) बिहार में किसी कंपनी में काम करता था। 11 दिसंबर को सुबह उसकी शादी के लिए चुनार थाना क्षेत्र से लड़की पक्ष के लोग घर आने वाले थे। इसलिए वह घर आया था। मंगलवार को विशाल बाहर से काम करके घर आने के बाद बैग रखकर अपने चचेरे भाई के साथ राजगढ़ के लिए निकला था। मंगलवार को शाम को भीटी गांव के समीप रेलवे क्रासिंग के पास विशाल का ट्रेन से कटकर कर क्षत-विक्षत शव मिला। विशाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़े भाई की मौत कुछ साल पहले ही हो चुकी है। थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने बताया कि ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।