चुनार। स्थानीय थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के सामने मंगलवार की सुबह रेलवे लाइन पर ट्रेन से कटे युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचित किया।
क्षेत्र के पटिहटा गांव निवासी 25 वर्षीय धनेश यादव पुत्र रामदुलार यादव सोमवार की रात मोबाइल पर पत्नी से बात कर रहा था। बातचीत के दौरान वह गांव से आगे निकल गया। देर रात घर वापस नहीं आया तो परिजन परेशान हो गए। परिजनों ने खोजबीन की पर उसका पता नहीं चला। इधर नुआंव गांव के पास ट्रेन से कटकर युवक का शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रैक से हटवाकर शिनाख्त कराया। युवक की खोजबीन कर रहे परिजनों को शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने मौके पर जाकर देखे तो शव धनेश का था। शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता रामदुलार ने बताया कि बहू मायके गई है। पुत्र धनेश रात को मोबाइल पर बहू से बात करते हुए घर से निकला था। गांव के लोगों ने भी उसे मोबाइल से बात करते हुए जाते देखा था। कोतवाल राजीव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों का न तो कोई आरोप है न हीं कोई तहरीर मिली है।