मिर्जापुर। डगमगपुर के पास पटरी पार करते समय एक युवक की साइकिल जोधपुर हावड़ एक्सप्रेस के इंजन की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि युवक ट्रेन की चपेट मेें नहीं आया। लेकिन साइकिल इंजन में फंस गई। मिर्जापुर स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर आरपीएफ और रेलवे की टीम ने इंजन में फंसी साइकिल को निकाला। इंजन से साइकिल निकालने के दौरान ट्रेन पांच मिनट विलंब से रवाना हुई। इस दौरान बरौधा की ओर साइकिल और बाइक लेकर पटरी पार करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई।
रेलवे स्टेशन मिर्जापुर पर कुछ सप्ताह पूर्व ही पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से तीन यात्रियों की कटकर मौत हो गई थी। इसके बाद भी लोग ब्रिज का सहारा न लेकर पटरी पार करते हैं। जोधपुर हावड़ा (12307) एक्सप्रेस बुधवार की सुबह अप लाइन से जा रही थी। डगमगपुर के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक की साइकिल ट्रेन की चपेट में आ गई। हालांकि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ट्रेन के मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर रुकने के बाद इंजन में फंसी साइकिल के अवशेष को निकाला गया। हादसे के बाद भी ट्रैक पार करने से नहीं बाज आए लोगों के खिलाफ आरपीएफ ने कार्रवाई की। सात लोगों को पकड़कर जुर्माना लगाया।