देहात कोतवाली क्षेत्र के संडवा निवासी 40 वर्षीय एक युवक की मंगलवार की सुबह नौ बजे गांव के पास लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई।
युवक खेत से मवेशियों के लिए चारा लेेकर घर लौट रहा था। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सरैया पुल के पास शव रखकर मिर्जापुर-भटौली मार्ग को जाम कर दिया।
करीब पांच घंटे तक सड़क जाम होने की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष अविनाश सिंह एवं गुरसंडी चौकी इंचार्ज मिथलेश कुमार ने लोगों को समझा बुझा कर मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
संडवा गांव निवासी मुकुटधारी बिंद 40 वर्ष पुत्र नेकचंद्र मंगलवार की सुबह आठ बजे अपने खेत से चरी काटने गया था। सुबह करीब नौ बजे वह हरा चारा लेकर घर आ रहा था कि रास्ते में लटक रहे बिजली के तार में उतरे करेंट की चपेट में आकर झुलसने लगा।
मामले की जानकारी होते ही गांव के लोगों ने बिजली की आपूर्ति बंद करवा कर आनन फानन में मुकुटधारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसंडी पहुंचाया। वहां देखते ही चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
युवक के मौत की खबर लगते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव को सरैया गांव के पास रख कर भटौली मार्ग को जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि इलाके में कई स्थानों पर तार काफी नीचे लटक रहे हैं। जिसको ऊंचा करने के लिए अधिकारियों से कहा गया लेकिन उन्होंने एक न सुनी। उनकी लापरवाही के कारण मंगलवार को एक युवक हादसे का शिकार हो गया।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा परिवार को मुआवजा देने की मांग की।