सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर एडीजे, सीजेएम, जिलाधिकारी, एएसपी सिटी ने मंगलवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान बंदियों के बारे में जानकारी, पेशी, मुकदमों में पैरवी, भोजन, स्वस्थ रहने की सुविधा समेत अन्य बिंदुओं पर जेल अधीक्षक से जानकारी लेते हुए बंदियों से बातचीत की। जानकारी होने पर उन्होंने उनकी समस्या को हल कराने का निर्देश दिया।
बता दें कि उच्च न्यायालय ने निर्देश दिया है कि न्यायिक अधिकारी एवं प्रशासनिक तथा पुलिस के अधिकारी जेल का निरीक्षण कर बंदियों के समस्याओं तथा उनके हालत के बारे में जानकारी लेते हुए निदान कराने का प्रयास करें।
जिसके के तहत एडीजे, सीजेएम राजेश भारद्वाज, जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह, सीओ सिटी प्रवीण यादव मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे जिला कारागार में पहुंचे।
अंदर दाखिल होने के बाद न्यायिक अधिकारियों ने बंदियों से उनकी पेशी में आने वाली समस्या, मुकदमों की पैरवी, समेत कोर्ट से संबंधित जानकारी ली। वहीं जिलाधिकारी ने उनके स्वास्थ, भोजन की गुणवत्ता, रहने की व्यवस्था, पेयजल की समस्या समेत अन्य मामलों के बारे में पूछताछ किया।
सूत्रों की माने तो निरीक्षण के दौरान कई बंदियों ने बेहतर इलाज नहीं होने की शिकायत की। बताया कि कारागार में बंद अधिकांश बंदी इस समय बीमार चल रहे हैं। जिनका अस्पताल में तैनात डाक्टर द्वारा सही तरीके से उपचार नहीं किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय जाने पर भी सही तरीके से इलाज नहीं हो पाता है।