चुनार दरगाह पर लगे चैती मेले में जायरीनों की उमड़ी हुई भीड़। संवाद
- हजरत कासिम सुलेमानी की दरगाह पर चैती मेले का आयोजन
चुनार। हजरत बाबा कासिस सुलेमानी की दरगाह पर बृहस्पतिवार को चैती मेले के पांचवे और अंतिम धोबियां लगा। इसमें बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों के जायरीन पहुंचे। मेले में आए जायरीनों ने बाबा के दरगाह पर जियारत की चादर चढ़ाई। फातिहा कर मन्नतें मांगी।
जायरीनों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए मेले में नगर पालिका की ओर से पेयजल की व्यवस्था करने के साथ बिछड़े लोगों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए खोया पाया शिविर लगाया गया था। कई बिछड़े परिवार के बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया गया। जायरीनों ने मेले में बिक रहे खानपान व घर गृहस्थी से संबंधित सामानों की जमकर खरीदारी भी की। दरगाह पर लगने वाला यह चैती मेला होली के बाद पड़ने वाले पहले बृहस्पतिवार से शुरू होता है और पांच बृहस्पतिवार तक लगता है। पहला मेला झाडू बहारू और पांचवा अंतिम मेला क्षेत्र में धोबियां मेले के नाम से मशहूर है। नपा के लगे खोया पाया शिविर में पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद सहित पालिका कर्मी, सभासदगण मौजूद रहे। खलीफा सैयद अताउर्रहमान ने बताया कि दरगाह पर नेक नीयती से आने वाले लोगों की बाबा मुराद पूरी करते हैं।