सक्तेशगढ़। किसान सम्मान निधि का लाभ लेने वाले किसानों को अब ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिसको लेकर सुबह से ही ग्राहक सेवा केंद्रों पर चिलचिलाती धूप में किसानों की भीड़ जुटी रही।
कृषि विभाग की तरफ से इसकी जानकारी गांव- गांव किसानों को दी जा रही है। किसानों को प्रति वर्ष छह हजार रुपये सरकार की तरफ से दिया जा रहा है। कृषि विभाग से जुड़े अधिकारी संतोष कुमार का कहना है कि किसानों को बिना रुकावट योजना का लाभ देने के लिए ई- केवाईसी कराया जा रहा है। ई-केवाईसी कराने के लिए मोबाइल नंबर को आधार कार्ड से लिंक कराने के बाद आधार कार्ड नंबर लगाकर 31 मार्च तक ऑनलाइन ई-केवाईसी कराने की समय सीमा निर्धारित की गई है। कहा कि योजना का लाभ उठाने के लिए सभी किसान अपना ई-केवाईसी करा लें अन्यथा सम्मान निधि योजना से किसान वंचित हो सकते हैं।