घाघर नहर में 10 फीट लंबा मगरमच्छ।-सोशल मीडिया।
ग्रामीणों के साथ वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सेमरी बंधी में छोड़ा
राजगढ़, मिर्जापुर। घाघर नहर में रविवार रात राजगढ़-चुनार मार्ग पर इंदिरा नगर पुलिया के पास मछली मारते समय मछुआरों पर 10 फीट के मगरमच्छ ने हमला कर दिया। बचाने पहुंचे हिनौता निवासी शानू सिंह (26) पर भी मगरमच्छ ने हमला कर दिया, दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई। उसके हाथ में 10 टांके लगाने पड़े। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को देर रात सेमरी बंधी में छोड़ दिया। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
धनरौल बांध से निकली घाघर नहर राजगढ़ से होकर मड़िहान जाती है। राजगढ़ के हिनौता गांव के पास नहर की पुलिया में देर रात कुछ मछुआरे मछली मार रहे थे। तभी अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। चिल्लाने लगे। उन्हें बचाने पहुंचे शानू पर भी मगरमच्छ ने हमला कर दिया। परिजनों ने उसे सीएचसी राजगढ़ में भर्ती कराया। ग्रामीणों की सूचना पर वन दरोगा आलोक वनकर्मियों के साथ पहुंचे। गांव के नित्यानंद सिंह और निहाल सिंह की मदद से मगरमच्छ को बांधकर सेमरी बंधी में छोड़ा गया।