चुनार कोतवाली क्षेत्र के अदलपुरा-मोहन सराय मार्ग पर सड़क किनारे स्थित एक खाई की झाड़ी में बुधवार की शाम पांच बजे 22 वर्षीय एक युवक की सिर कूंची लाश बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पशुपालकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने झाड़ी से शव निकलवाया। जेब से मिले कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त विशाल पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी अदलहपुरा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में चुनार पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।
अदलपुरा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह का 22 वर्षीय पुत्र विशाल मंगलवार की सुबह दस बजे घर से बनारस के लिए निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। देर शाम तक विशाल घर नहीं आया तो परिवार के लोगों ने समझा कि कहीं गाड़ी लेकर गया होगा।
बुधवार की शाम पांच बजे चुनार के केलाबेला गांव निवासी पशु पालक अदलपुरा मोहन सराय मार्ग पर सब्जी अनुसंधान केंद्र के बगल स्थित सड़क की खाई में पश़ु चराने गए तो झाड़ी में एक युवक की सिर कूंची लाश पड़ा देखा। पशु पालकों ने तत्काल पुलिस को घटना से अवगत कराया।
आनन फानन में पहुंची पुलिस ने झाड़ी से शव बाहर निकलवा कर आसपास के लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई उसको पहचान नहीं पाया। पुलिस ने उसके कपड़े की तलाशी कराई तो एक पहचान पत्र मिला। जिसमें उसका नाम विशाल पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी अदलपुरा चुनार लिखा था। जिससे उसकी पहचान हुई। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों कहा कि विशाल की कहीं और हत्या कर लाश को झाड़ी में फेंक दिया गया है। उसकी बाइक का भी पता नहीं है।उसका मोबाइल भी गायब है। युवक की हत्या क्यों की गई इसके बारे में अभी किसी को पता नहीं चल पाया है।