मड़िहान थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के पास खाई में बाइक गिरने से मंगलवार की सुबह सात बजे दो छात्रों की मौत हो गई हादसे में तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को सीएचसी राजगढ़ में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दो युवकों की मौत की सूचना से गांव में मातम पसर गया।
जमालपुर थाने के भदावल गांव निवासी सुनीत (20) अपने गांव के ही अभय (20) और बनैली के रहने वाले अंकित (25) के साथ सोमवार को मड़िहान थाना क्षेत्र के कलवारी गांव में मौसा दिनेश के यहां गया था। मंगलवार की सुबह साढ़े सात बजे तीनों युवक एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। मड़िहान क्षेत्र के सेमरी गांव के पास उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खाई में गिर गई। खाई में पत्थर होने के कारण तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शोरगुल होने पर पहुंचे आसपास के लोग तीनों को आनन-फानन में सीएचसी राजगढ़ ले गए।
विज्ञापन
चिकित्सक ने सुनीत को मृत घोषित कर दिया जबकि अभय व अंकित को वाराणसी रेफर कर दिया। परिवार के लोग दोनों को वाराणसी लेकर जा रहे थे कि अभय ने भी चुनार के पास दम तोड़ दिया। अंकित का वाराणसी मे इलाज किया जा रहा है लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सुनीत व अभय एक साथ रामभूषण आईटीआई कॉलेज गाजियाबाद से आईटीआई कर रहे थे।
गांव में दोनों छात्रों की मौत की खबर पहुंची तो रोना-पीटना मच गया। मातम छा गया। किसी के घर में चूल्हे नहीं जले। लोग हालचाल पूछने आते तो अचानक सिसकियां शुरू हो जातीं।