कटरा कोतवाली क्षेत्र के भटवा पोखरी मोहल्ले में 16 अगस्त को बाइक का हार्न बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट में घायल युवक की सोमवार की सुबह वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से नाराज परिवार के लोग कांग्रेस नेता अमिताभ पांडेय के साथ मिल कर मोहल्ले में प्रदर्शन कर कटरा कोतवाल व डंकीनगंज चौकी इंचार्ज को तत्काल हटाने की मांग करने लगे। मामले की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन व एएसपी सिटी अशोक शुक्ला तथा सीओ सदर संजय कुमार, शहर, कटरा व देहात थाने की फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। कटरा कोतवाल व डंकीनगंज चौकी इंचार्ज दोषी पाए जाएंगे तो कार्रवाई होगी।
भटवां की पोखरी मोहल्ला निवासी आशीष मिश्रा 22 वर्ष पुत्र राजेश मिश्रा तथा मोहल्ले के ही एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के मारपीट व धारदार हथियार जमकर चले थे। जिसमें एक पक्ष से आशीष मिश्रा उसका भाई दीपक मिश्रा तथा साथी चंद्रशेखर पांडेय घायल हो गए थे। घटना के बाद तीनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने आशीष को वाराणसी के ट्रामां सेंटर रेफर कर दिया था। जहां उपचार के दौरान सोमवार को आशीष की मौत हो गई।
घटना से नाराज अमिताभ पांडेय व मोहल्लोंवासियों ने सोमवार की शाम छह बजे कटरा कोतवाल व डंकीनगंज चौकी प्रभारी के खिलाफ प्रदर्शन कर दोनों को तत्काल निलंबित करने की मांग की। आरोप लगाया कि कटरा कोतवाल व डंकीनगंज चौकी प्रभारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने आश्वासन किया मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों का आरोप था कोतवाल ने घटना के दौरान 307 के तहत मामला दर्ज करने की बजाय मारपीट का मामला दर्ज कर लिया था। एसपी के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप में चार लोगों पर केस दर्ज किया गया है।