रिश्ते में चाचा लगने वाले एक व्यक्ति पर 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुराचार का मामला प्रकाश में आया है। गांव में दो दिनों तक चली पंचायत के बाद भी मामला नहीं सलटा तो गुरुवार शाम किशोरी की मां ने कोतवाली मेें आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस आरोपी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर तलाश शुरू कर दी है।
चुनार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी 29 मई को सिवान में शौच के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही एक अधेड़ ने किशोरी को दबोच लिया और दुराचार किया। घर आने पर लड़की ने परिवार के लोगों को घटना से अवगत कराया तो परिवारीजनों ने इसकी शिकायत अधेड़ के घरवालों से की।
मामला निबटाने के लिए कुछ लोगों ने दो दिनों तक पंचायत बुलाई और सुलह समझौता का प्रयास किया। समझौता नहीं होने पर गुरुवार को लड़की की मां ने कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ली है। उसकी तलाश की जा रही है।