थाना क्षेत्र के चील्ह तिराहे के पास मंगलवार की सुबह पौने आठ बजे ट्रक की चपेट में आने से कक्षा नौ की छात्रा बुरी तरह घायल हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करने से इंकार करने पर ग्रामीणों ने मिर्जापुर औराई मार्ग पर जाम कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ब्लाक प्रमुख के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
सागरपुर गांव निवासिनी अर्चना यादव 14 वर्ष पुत्री शिवधारी यादव श्रीकृष्ण शारदा बालिका इंटर कालेज मवैया में कक्षा नौ की छात्रा थी। मंगलवार की सुबह करीब पौने आठ बजे साइकल सवार छात्रा विद्यालय जा रही थी।
छात्रा अभी चील्ह तिराहे से सौ मीटर की दूरी मिर्जापुर-औराई मार्ग पर पहुंची थी कि औराई की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मारते हुए कुचल दिया। जिससे छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की जानकारी होने पर पहुंचे ग्रामीण 108 नंबर पर फोन कर एंबुुलेंस को बुलाया लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंचा तो ग्रामीण निजी वाहन से घायल बालिका को जिला चिकित्सालय ले गए। जहां कुछ देर बाद बालिका ने दम तोड़ दिया।
हादसे की जानकारी होने पर परिवार के लोग थाने पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए पहुंचे तो पुलिस ने कहा कि मुकदमा अभी दर्ज नहीं किया जाएगा । यह सुनते ही परिवार के लोग आक्रोशित हो गए और मिर्जापुर औराई मार्ग को जाम कर दिया।
करीब दो घंटे तक सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी होने पर ब्लाक प्रमुख शंभू यादव और बलिराम यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। ब्लाक प्रमुख ने ग्रामीणों के साथ थाने जाकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।