बिजनौर। गांव पेदा के निकट मंगलवार को रेलवे लाइन के पास एक भाई का शव व दूसरा घायल अवस्था में मिलने सनसनी फैल गई। दोनों भाई पर हमला हुआ या वह ट्रेन से गिरे यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
मंगलवार सुबह गांव पेदा के निकट रेलवे लाइन के पास एक युवक का शव और दूसरा बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। दोनों खून में लथपथ थे। लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक के शव को कब्जे में ले लिया।
घायल को ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई। बाद में दोनों युवकों की पहचान हल्दौर थाने के गांव चांदानगली मोहनपुर निवासी गंभीर के 35 साल के पुत्र मलखान और 31 साल के पुत्र सोनू के रूप में हुई। सोनू की मौत हो गई।
मलखान को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस के मुताबिक मलखान और सोनू पिछले तीन साल से गांव आदमुपर में परिजनों के साथ किराए के मकान में रहते थे। मलखान विवाहित था जबकि सोनू की शादी नहीं हुई है।
दोनों भाइयो के साथ मलखान की पत्नी राधा, विवाहित बहिन विनीता और मां सविता भी रहती है। दोनों भाइयों के पास से पुलिस को एक बैग भी मिला है। बैग में लैदर व ऊन के दस्तानों के अलावा एक छुरी, दो रिंच , दो बैटरी लोहे की रॉड का सब्बल, दो पानी की बोतल, एक छीनी व अन्य सामान मिला है। यह सामान चोरी की घटनाओं का अंजाम देने में इस्तेमाल होता है।
पुलिस मान रही है कि दोनों भाई आपराधिक प्रवृति के थे। रात में ट्रेन से गिरकर एक भाई सोनू की मौत हो गई व दूसरा घायल हो गया। सोनू के सिर व मलखान के सिर के साथ बाए हाथ में चोट है। उसकी बाए हाथ की अंगुली भी कटी मिली है।
पड़ोसियों के मुताबिक दोनों भाई शाम को घर से निकलते थे ओर सुबह को आते थे। दोनों भाई क्या करते है? कहां जाते है ये किसी को मालूम नही हैं। परिजनों के मुताबिक दोनों भाई सोमवार की शाम घर से निकले थे। फिर घर नहीं आए। शहर कोतवाल अजय गौतम के मुताबिक प्रथम दृष्ट्यता जांच में दोनों भाइयों का ट्रेन से गिरना लग रहा है। पुलिस जांच पड़ताल में लगी है।
पांच मुकदमे दर्ज हैं मलखान पर
पुलिस के मुताबिक गांव पेदा के पास रेलवे लाइन के पार घायल अवस्था में पडे मिले गांव चांदानगली मोहनपुर के मलखान के खिलाफ हल्दौर थाने में गुडा एक्ट, धोखाधडी समेत पांच मुकदमे दर्ज है।