मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रमईपट्टी स्थित पंजाब नेशनल बैंक से रुपया निकाल कर घर जा रहे मंडलीय चिकित्सालय के एक कर्मचारी से बाइक सवार बदमाश मंगलवार की दोपहर दिन दहाड़े क्षेत्र के पक्के पोखरा वीआईपी कालोनी के पास सब्जी खरीदते समय स्कूटी की डिक्की से डेढ़ लाख रुपया ले कर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे पुलिस लाइन की ओर भाग निकले। घटना की सूचना पाकर शहर और कटरा कोतवाली पुलिस ने छानबीन करते हुए उचक्कों की तलाश की लेकिन वह पकड़े नहीं जा सके। भुक्तभोगी ने घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के पक्का पोखरा निवासी रविशंकर सिंह मंडलीय चिकित्सालय में डेंटल हाईजेनिक पद पर कार्यरत है। बेटे ईश्वर सिंह को गाजियाबादद स्थित एनआईसी कॉलेज में प्रवेश दिलाने के लिए मंगलवार को ड्यूटी से छुट्टी लेकर नगर के पंजाब नेशनल बैंक से पैसा निकालने गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे बैंक से डेढ़ लाख रुपया निकाल कर अपने स्कूटी के डिक्की में रख कर घर जा रहे थे। लगभग पौने दो बजे कोतवाली क्षेत्र के पक्के पोखरा वीआईपी कालोनी के पास स्थित एक ठेले से सब्जी लेने लगे। इसी दौरान काली रंग की पल्सर बाइक से दो बदमाश पहुंचे और स्कूटी की डिग्गी खोल कर डेढ़ लाख रुपया उड़ा ले गए। भुक्तभोगी जब ठेले से सब्जी लेकर स्कूटी के पास पहुंचा और उसे डिक्की में रखने लगा तो देखा कि डिग्गी में रखा रुपयों से भरा बैग गायब है। यह देखते ही वह भौचक रह गया। आस पास खोजने के बाद जब रुपये का पता नहीं चला तो उसने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर शहर कोतवाली प्रभारी वैभव सिंह, कटरा कोतवाल श्रीकांत राय पहुंचे और आस पास जांच करने के बाद कर्मचारी को बैंक लेकर पहुंचे। वहां के सीसी टीबी फुटेज को खंगाला, लेकिन बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा। दिनदहाड़े हुई उचक्कागिरी की घटना से लोगों में भय व्याप्त है।