पड़री के चपउर खुर्द गांव में मासूम बेटे की हत्या के बाद रोती-बिलखती मां एवं घरवाले।
- फोटो : mirzapur
देहात कोतवाली क्षेत्र के परवानपट्टी गांव निवासी एक युवक ने पत्नी के मायके चले जाने से नाराज होकर रविवार की रात करीब आठ बजे चार माह के बेटे की जमीन पर पटककर हत्या कर दी। इसके बाद फरार हो गया। आरोपी के ससुराल वालों की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को हत्या का केस दर्ज कर लिया।
पड़री थानाक्षेत्र के मुल्हवां के चपउर खुर्द निवासी रामधनी ने अपनी पुत्री संगीता की शादी देहात कोतवाली क्षेत्र के परवानपट्टी निवासी वकील बिंद के साथ मई -2014 में की थी। जनवरी 2016 में उसे बेटा पैदा हुआ। तभी से संगीता बीमार रहने लगी। जानकारी होने पर रामधनी 22 मई की शाम संगीता को लेने उसके ससुराल पहुंचे, लेकिन वकील ने विदाई से इनकार कर दिया। हालांकि इसके बाद भी संगीता अपने पिता के साथ चली गई।
इस पर वकील नाराज हो गया और रास्ते से अपने बेटे को छीनकर घर उठा ले गया।
देर शाम संगीता का भाई धर्मेंद्र बिंद भांजे को लेने बहन के घर पहुंचा तो वकील ने देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में नोकझोंक हुई।
आरोप है कि इसी दौरान वकील ने बच्चे का पैर पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इससे उसके मुंह व नाक से खून बहने लगा। बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।