किसी मामले को लेकर शनिवार की रात 11 बजे ड्रमंडगंज पुलिस चौकी पर पहुंचे हलिया के महुगढ़ी गांव के प्रधान पति समेत तीन व्यक्तियों एवं सिपाहियों के बीच मारपीट हो गई। इसमें गांव निवासी एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार करने पर प्रधानपति समेत तीनों ग्रामीणों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
वहीं जानकारी होने पर एसपी ने तीनों सिपाहियों को स्थानांतरित कर दिया।
हलिया थाना क्षेत्र के महुगढ़ी गांव निवासी शिवजी पांडेय 52 वर्ष, कुलदीप पासवान 35 वर्ष और प्रधानपति देवदत्त सिंह शनिवार की रात 11 बजे किसी मामले की शिकायत करने ड्रमंडगंज पुलिस चौकी पर गए थे। वहां मौजूद तीन पुलिसकर्मियों से उनका विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर सिपाहियों एवं ग्रामीणों के बीच मारपीट होने लगी। इससे चौकी में हड़कंप मच गया। अन्य पुलिस कर्मी पहुंचे और बीच बचाव कर प्रधानपति समेत तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।
सूचना पर हलिया थानाध्यक्ष यादवेंद्र पांडेय ने हिरासत में लिए गए तीनाें आरोपियों से पूछताछ की। देर रात उन्होंने घटना से पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन को अवगत कराया। जानकारी होते ही एसपी ने तीनों आरक्षी लतीफ सिद्दीकी, काशीनाथ और बैकुंठ यादव को क्रमशः विंध्याचल, पड़री और जिगना थाने पर स्थानांतरित कर दिया।