वन अधिकारियों की लापरवाही का फायदा उठाते हुए शुक्रवार की रात एक चालक हलिया थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव के पास खड़े ट्रक को पटिया सहित लेकर फरार हो गया। मामले की खबर लगते ही अधिकारी परेशान हो गए। वनक्षेत्राधिकारी भास्कर पांडेय ने डिप्टी रेंजर को निलंबित करके इसकी सूचना अधिकारियों को दे दी है।
वन क्षेत्राधिकारी भास्कर पांडेय व डिप्टी रेंजर विनोद पांडेय ने हलिया कैमूर वन्य जीव प्रभाग क्षेत्र के उमरिया बीट के खम्हरिया गांव में अवैध ढंग से पटिया लादकर आ रहे एक ट्रक को 18 जनवरी के दिन पकड़ा था। सड़क किनारे पटरी में जाकर फंस जाने के कारण ट्रक वहीं खड़ा रहा। पकड़े गए ट्रक को वन क्षेत्राधिकारी भास्कर पांडेय ने डिप्टी रेंजर के सुपुर्दगीमें छोड़कर हलिया चले आए थे। दो दिनों तक ट्रक सड़क किनारे खड़ा रहा। चौकसी कम होेने पर 20 जनवरी की रात चालक पटिया सहित ट्रक लेकर फरार हो गया।
जानकारी होते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे वन अधिकारी ट्रक की काफी खोजबीन की लेकिन ट्रक नहीं मिला। वनक्षेत्राधिकारी ने डिप्टी रेंजर को निलंबित कर घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक बाबूलाल पाल निवासी लोढ़ी रीवां मध्य प्रदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
तीन जनवरी को हलिया के भटवारी गांव से सूखी आम की लकड़ी लेकर जा रहे एक ट्रक को वन क्षेत्राधिकारी ने पकड़ा था। पकड़े गए ट्रक से वन विभाग ने दो लाख दो हजार का जुर्माना वसूला था।