थाना क्षेत्र के सौरेह गांव निवासी एक युवक का फागुन में भाभी से मजाक महंगा पड़ गया। गुरुवार की शाम मजाक मजाक में उसने अपनी चचेरी भाभी को गोली मार दी। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनते ही पहुंचे परिवार के लोग सन्न रह गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सौरेह गांव निवासी कन्हैयालाल पाल ने गुरुवार की शाम अपने पुत्र धमेंद्र पाल से लाइसेंसी बंदूक को छत पर स्थित कमरे में रखने को कहा। धर्मेंद्र बंदूक लेकर छत पर गया जहां कमरे में उसकी चचेरी भाभी सुनीता 24 वर्ष पत्नी सुरेंद्र पाल शीशे के सामने बैठकर शृंगार कर रही थी।
धमेंद्र ने मजाक में कहा कि शीशा मत देखो नहीं तो गोली मार देंगे। देवर द्वारा गोली मारने की बात कहते ही सुनीता ने भी कहा कि हिम्मत है तो गोली मार कर दिखाओ। इस पर धर्मेंद्र ने तत्काल बंदूक तान कर फायर कर दिया। गोली लगते ही सुनीता घटना स्थल पर लहूलुहान होकर गिर पड़ी और तड़पने लगे।
इससे पहले ही उसको किसी चिकित्सालय ले जाते उसने मौके पर दम तोड़ दिया। परिवार के लोग इसे मजाक के दौरान हुआ हादसा बता रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। लालगंज थानाध्यक्ष रविन्द्र यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा।