महीनों से जिला प्रशासन व खनिज विभाग की मिलीभगत से किए जा रहे अवैध खनन का मामला शासन तक उछलने पर खान अधिकारी ने छापेमारी कर खनन करा रहे ठेकेदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। अधिकारी के निर्देश पर सर्वेयर राम सुरेश ने जिगना थाने में आरोपी के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत कराया।
बता दें कि जिगना थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी गौरा गांव निवासी क़ृष्ण कुमार सिंह पुत्र अवधराज सिंह के नाम पर जिगना के गोगांव गांव में बालू खनन की लीज है। लेकिन कृष्णकुमार अपनी लीज क्षेत्र में खनन कराने की बजाय कई महीनों से अपने क्षेत्र से करीब सौ मीटर की दूरी पर जेसीबी लगाकर अवैध खनन धड़ल्ले से करा रहा था, इससे प्रतिदिन लगभग एक लाख से अधिक के राजस्व की क्षति हो रही थी। मामले की शिकायत गांव की ही प्रधान पुष्पा देवी पत्नी नागेंद्र सिंह समेत कई गांव के लोगों ने जिला प्रशासन व खनन अधिकारी से की लेकिन अवैध खननकर्ता पर कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।
इससे क्षुब्ध होकर लोगों ने जिलाधिकारी समेत शासन तक इसकी शिकायत की। जिसको गंभीरता लेते हुए उच्चाधिकारियों ने खान अधिकारी को छापेमारी कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। उसी दिशा निर्देश के तहत गुरुवार को खान अधिकारी जेपी द्विवेदी ने सर्वेयर राम सुरेश के साथ गोगांव गांव में हो रहे अवैध खनन के लीज पर छापेमारी की तो कोई नहीं मिला।
इसके बाद खान अधिकारी ने अवैध खनन के स्थान की नापी करा कर सर्वेयर राम सुरेश को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। लौटने के बाद सर्वेयर रामसुरेश ने जिगना थाने में ठेकेदार कृष्ण कुमार सिंह पुत्र अवधराज के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया।